खरड़ (एसएएस नगर), 23 नवंबर:- माई भारत, एसएएस नगर की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी)-2027 के तहत 20 नवंबर को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में जिला स्तरीय प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने ‘भविष्य का शासन, शहरी परिवर्तन और नागरिक सेवाएं’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने उपायुक्त, एसएएस नगर द्वारा गठित पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल के समक्ष पांच-पांच मिनट की प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में शोभना ने पहला, लावण्या भूरिया ने दूसरा, मुस्कान ने तीसरा, अभिस्पित बाजपेयी ने चौथा, अनुषा जोशी ने पांचवां और अनमोल ठाकुर ने छठा स्थान हासिल किया। ये सभी छह विजेता अब राज्य स्तरीय प्रस्तुति प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय युवा महोत्सव के पुनर्गठित स्वरूप के रूप में वीबीवाईएलडी-2027 की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व के गुण विकसित करना, उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनके विचारों को मंच प्रदान करना है।
इसके विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के तहत पांच चरण आयोजित किए जाते हैं—ऑनलाइन क्विज, ऑनलाइन निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुति, राज्य स्तरीय प्रस्तुति और राष्ट्रीय स्तरीय प्रस्तुति। राज्य स्तरीय चरण से चयनित युवा जनवरी 2027 में दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।
