फतेहाबाद, 4 फ़रवरी:- सुप्रीम कोर्ट के फैसले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, बकाया वेतन का 6 प्रतिशत एरियर का भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर नगरपरिषद फतेहाबाद के कर्मचारी 12 फरवरी को पूर्ण रूप से हड़ताल पर रहेंगे। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संघ ब्लाक फतेहाबाद कार्यकारिणी की बैठक प्रधान नरेश राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन सचिव ओमप्रकाश लोट ने किया। बैठक में हड़ताल को लेकर नरेश राणा की अगुवाई में दो टीमों का गठन किया गया। दोनों टीमें हाजिरी वाइज कर्मचारियों से मिली और उनसे हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नरेश राणा और ओम प्रकाश लोट ने कहा केंद्र व राज्य सरकार की आर्थिक व उदारीकरण की नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लॉन्च की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत सभी विभागों को निजी हाथों में देने की मुहिम को तेज कर दिया है, जिसे कर्मचारी वर्ग बिल्कुल भी सहन नहीं करेगा।
सही मायनों में सार्वजनिक विभागों को मजबूत करके ही देश को विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 4 लेबर कोड्स को वापस लेने, 8वें वेतन अयोग लागू होने तक सभी कर्मचारियों को महंगाई के अनुसार 5 हजार रूपये अंतरिम राहत देने, आठवें वेतन आयोग से पहले 7वें वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने, श्रम कानूनों में किए गए अनाप शनाप संशोधनों को रद्द करने, छंटनी किये गये सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापिस लेना, ठेका प्रथा के तहत लगे सभी कर्मचारियों को विभाग के पे रोल पर लेते हुए नियमितीकरण की पॉलिसी बनाने, सभी तरह के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, परियोजना कर्मियों को कर्मचारी का दर्जा देने, पुरानी पेंशन बहाल करने सहित अनेक मांगों को हड़ताल के दौरान उठाया जाएगा।
बैठक को कर्मचारी नेता बेगराज, संघ के राज्य वरिष्ष्ठ उपप्रधान रमेश तोषामड़, राज्य प्रैस सचिव विजय ढाका, कोषाध्यक्ष वीरू रत्ति ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर फतेहाबाद ब्लॉक के उपप्रधान अमित गिल, वरिष्ठ उप प्रधान सत्यवान टॉक, राजा राम चौहान, पवन चिनालिया, सतपाल परिहार व काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
मांगों को लेकर नगरपरिषद के कर्मचारी 12 फरवरी को रहेंगे पूर्ण हड़ताल पर दो टीमों को किया गया गठन
