ऊना, 28 फरवरी:- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग में जिला ऊना स्तर पर व्यापक संगठनात्मक विस्तार करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। यह बैठक शनिवार को बचत भवन ऊना में आयोजित की गई, जिसमें जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इन नियुक्तियों को संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अनुसूचित जाति विभाग की अगुवाई राष्ट्रीय समन्वयक कर्मवीर बौद्ध तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीनियर उपाध्यक्ष जीवन कुमार के मार्गदर्शन में यह विस्तार किया गया। सर्वसम्मति से वलराम महें को जिला ऊना अनुसूचित जाति विभाग का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और मजबूत नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार ब्लॉक ऊना से जखेड़ा निवासी सुभाष को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ब्लॉक कुटलेहड़ की जिम्मेदारी गुरपाल कलसी को सौंपी गई है। ब्लॉक हरोली के गोंदपुर क्षेत्र से जयचंद के बलवीर कुमार, ब्लॉक चिंतपूर्णी से जगदीश राम, बचन चंद पटेल एवं कश्मीरी लाल शुटी को जिला कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
जिला स्तर पर नव बैंस गोलू को जिला उपाध्यक्ष चुना गया है। इसके अतिरिक्त लेखराज भारती तथा तरसेम लाल सहोता को राज्य कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करते हुए मोनिका को जिला ऊना की मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जगत राम कामरेट को मुख्य सलाहकार और बेबी रानी को जिला उपप्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इन नियुक्तियों से अनुसूचित जाति विभाग को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। कार्यकर्ताओं ने भी नई टीम का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि आने वाले समय में संगठन और अधिक सक्रिय और मजबूत होकर उभरेगा।
श्री वलराम महें को सर्वसम्मति से जिला ऊना अनुसूचित जाति विभाग का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
