संगरूर/भवानीगढ़, 24 अक्टूबर:- संगरूर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नरिंदर कौर भराज ने ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत पांच गांवों के निवासियों को मालिकाना हक के प्रमाणपत्र वितरित किए। इनमें गांव काकड़ा के 512, जौलियां के 78, कलौदी के 157, देह कलां के 131 और रूपाहेड़ी के 124 निवासी शामिल हैं। इस अवसर पर लाभार्थी परिवारों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अपने घर के मालिकाना दस्तावेज प्राप्त करना हर परिवार के लिए संतोष और खुशी का क्षण है।
विधायक नरिंदर कौर भराज ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने और सरकारी सेवाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना गांवों में लाल लकीर के भीतर रहने वाले लोगों को उनके घरों के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि कई परिवार पीढ़ियों से अपने घरों में रह रहे हैं, लेकिन मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज न होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस योजना के तहत मालिकाना हक के प्रमाणपत्र मिलने से ऐसे परिवारों को अपनी आवासीय संपत्ति के स्वामित्व का दस्तावेजी प्रमाण मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक इस योजना का लाभ पहुंचे।
नरिंदर कौर भराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और लोगों को प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने पंचायतों से भी अपील की कि पात्र परिवारों की पहचान करने और उन तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
विधायक ने कहा कि संगरूर विधानसभा क्षेत्र के गांवों का सर्वांगीण विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर संबंधित गांवों की पंचायतों के प्रतिनिधि, काकड़ा के सरपंच मेजर छठा, मनदीप रूपाहेड़ी, दर्शन काकड़ा, राशि छन्ना, सरपंच हरप्रीत, भूपिंदर काकड़ा और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
