साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 5 नवंबर:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक प्रदान करने के लिए शुरू किए गए ‘मेरा घर मेरे नाम’ अभियान के तहत आज विधायक कुलवंत सिंह ने गांव मटरा और बठलाणा में 396 निवासियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने बताया कि गांव मटरा में 169 और गांव बठलाणा में 227 निवासियों को प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे गए।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी है और गांव-गांव जाकर लोगों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मोहाली में लगभग 50 प्रतिशत लोगों के प्रॉपर्टी कार्ड बन चुके हैं और शेष कार्ड भी जल्द तैयार करके लोगों को सौंप दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पहले लोग इन घरों में रहते तो थे, लेकिन उनके पास मालिकाना अधिकार नहीं थे। अब प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से वे अपने घरों के मालिक बन गए हैं और उन्हें मालिकाना हक से जुड़े अधिकार प्राप्त हुए हैं। इससे लोग अपनी संपत्ति बेच सकेंगे, उसे अपने पास रख सकेंगे या इसके आधार पर कर्ज लेकर कोई कारोबार शुरू कर सकेंगे। पहले मालिकाना दस्तावेज न होने के कारण लोगों को ऐसी सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

विधायक ने इस जनहितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबा समय बीत जाने के बावजूद पहले इस समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि गांवों में जमीन और घरों के मालिकाना हक को लेकर पैदा होने वाले विवादों के समाधान में यह अभियान अहम भूमिका निभाएगा और लोगों को उनके अधिकारों के संबंध में सुरक्षा प्रदान करेगा।

विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मोहाली के गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं युवाओं को नशों से दूर रखने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और खेल प्रतिभा को निखारने में भी सहायक होंगी।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने वाले कोचों को भी नकद पुरस्कार और सम्मान दिए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि गांवों को जोड़ने वाली अधिकतर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी आने वाले समय में पूरे कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों के लोग स्वयं आगे आकर सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना कर रहे हैं।

इस अवसर पर गांव मटरा में सरपंच सपना रानी, अवतार सिंह, सुखबीर सिंह, परमिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, अवतार सिंह, मेजर सिंह और ब्लॉक प्रधान मुख्तियार सिंह सहित पंचायत सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गांव बठलाणा में सरपंच हरपाल सिंह, गुरजीत सिंह फौजी, बलकार सिंह नंबरदार, हरनेक सिंह नंबरदार, मास्टर अमरजीत सिंह और पूर्व सरपंच वजीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस अवसर पर लोगों ने प्रॉपर्टी कार्ड प्राप्त होने पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक कुलवंत सिंह और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया।