डेराबस्सी/एस.ए.एस. नगर, 16 नवंबर 2026:- जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत जनसंख्या गणना की शुरुआत के अवसर पर डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने आज अपने पैतृक गांव बाक़रपुर टैंकी में डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।
तहसील डेराबस्सी प्रशासन की ओर से स्व-गणना अभियान के तहत यह प्रक्रिया आज सुबह पूरी करवाई गई। इस अवसर पर फील्ड ट्रेनर श्रीमती रुचि शर्मा, अंग्रेजी लेक्चरर, पी.एम. श्री मुबारकपुर स्कूल और एन्यूमरेटर श्री जसविंदर सिंह, साइंस मास्टर, जड़ौत ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
स्व-गणना पूरी करने के बाद विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के सभी निवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और घर बैठे ही सरकारी डिजिटल पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार और घर से संबंधित विवरण दर्ज करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्य की भविष्य की विकास योजनाएं तैयार करने, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी नीतियां बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सही जानकारी दर्ज करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा से लोग घर बैठे ही आसानी से अपनी जानकारी दर्ज करवा सकते हैं।
विधायक ने यह भी अपील की कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद प्राप्त होने वाली स्व-गणना आईडी (SE ID) को संभालकर रखा जाए, क्योंकि दिसंबर महीने में घर-घर आने वाले गणनाकारों द्वारा जानकारी के सत्यापन के समय इसकी आवश्यकता होगी।
उन्होंने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि सही जनगणना, बेहतर योजना निर्माण और सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।
