हरियाणा/हिसार:- दर्जी राजपूत समाज विकास समिति, पलवल द्वारा नए कमरों के निर्माण के लिए शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा सरकार के खेल मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में सतबीर वर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह के दौरान समाज की ओर से खेमचन्द दरोगा ने धर्मशाला में हाल निर्माण के लिए अनुदान की मांग मंत्री के समक्ष रखी। इस अवसर पर समाज की ओर से गौरव गौतम और सतबीर वर्मा का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने दर्जी समाज द्वारा भारतीय जनता पार्टी को दिए जा रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और धर्मशाला में हाल निर्माण के कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतबीर वर्मा ने कहा कि समाज तेजी से संगठित हो रहा है और यह एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लगातार दूसरी बार संत नामदेव जयंती समारोह में आना तथा समाज के लिए करोड़ों रुपये का अनुदान देना समाज के लिए गर्व की बात है। साथ ही संत नामदेव के नाम पर किसी बड़े सरकारी संस्थान का नामकरण और मध्य प्रदेश की तर्ज पर सिलाई-कढ़ाई कला बोर्ड के गठन का आश्वासन भी समाज के सम्मान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि छिप्पी, दर्जी, रोहिल्ला, टांक समाज का भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत करना, महिला शिक्षा को बढ़ावा देना और नशे व कुरीतियों से दूर रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह तन, मन और धन से समाज की सेवा में योगदान दे।
सतबीर वर्मा ने जानकारी दी कि जल्द ही दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर दयानन्द रोहिल्ला, सुरेश रोहिल्ला, विकास रोहिल्ला, राजेन्द्र रोहिल्ला, प्रेम प्रकाश रोहिल्ला, सुनील वर्मा, सतबीर छोकर, भूप सिंह पलवल, ओमप्रकाश सापंला, रामनिवास सोनीपत, कृष्ण रोहिल्ला, दलीप पंवार फरीदाबाद, सुरेश नारनोल, लक्ष्मी सहित हजारों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।