ऊना, 12 नवंबर:- माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां लगातार जारी हैं। महोत्सव अब दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है। इसके लिए 4 से 6 दिसंबर की तिथियां प्रस्तावित की गई हैं।

गौरतलब है कि महोत्सव पहले 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। आवश्यक प्रशासनिक एवं आयोजन संबंधी तैयारियों के दृष्टिगत इसकी तिथियों में बदलाव किया गया है।

यह जानकारी एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो अंब मेला मैदान तक पहुंचेगी। महोत्सव के शुभारंभ समारोह के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा समापन समारोह के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आगमन प्रस्तावित है।


कलाकारों के ऑडिशन अब 26 व 27 नवंबर को

पारस अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन अब 26 और 27 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अंब में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑडिशन के दोनों दिन भी मौके पर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नामी कलाकारों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।