हांसी (दिनकर गावड़ी):-डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने और पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को तीन गांवों में जल चौपालों का आयोजन किया जाएगा। पायलट आधार पर शुरू की जा रही इस पहल के तहत सिंधड़, शेखपुरा और ढाणी सांकरी गांवों में ग्रामीणों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की भागीदारी से जल संरक्षण की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांव सिंधड़ के जलघर में सुबह 10 बजे, शेखपुरा के पशु अस्पताल में सुबह 11 बजे तथा ढाणी सांकरी के सामुदायिक केंद्र में शाम 4 बजे जल चौपाल आयोजित होगी। इन बैठकों में गांवों की पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम तय किए जाएंगे।
जल चौपालों में गलीवार वालंटियर नियुक्त करने, टूटी पेयजल पाइप लाइनों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत करवाने तथा खुले नलों पर टोंटियां लगवाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिया जाएगा। वालंटियर अपने क्षेत्र में पानी की बर्बादी रोकने, लोगों को जागरूक करने और पेयजल व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। अधिकारियों को इन कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारियां सौंपने और आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर भी विचार किया जाएगा।
इस पहल में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा। घरेलू स्तर पर पानी की बचत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उनके सुझावों को कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को दैनिक जीवन में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और अनावश्यक बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा पहले चरण में इन तीन गांवों में आयोजित चौपालों के परिणामों और अनुभवों के आधार पर अगले चरण के लिए अन्य गांवों का चयन किया जाएगा। वहां भी इसी प्रकार ग्रामीणों की सहभागिता से जल संरक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
