भोपाल (मध्य प्रदेश):- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर आग लगने से सात बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि करीब एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी सौरभ पटेल ने घटनास्थल से पीटीआई को बताया कि आग सबसे पहले एक बस में लगी और तेजी से पास में खड़ी अन्य बसों तक फैल गई। उन्होंने बताया कि चार बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि तीन अन्य बसों को नुकसान पहुंचा।
पटेल ने बताया कि आग लगने की सूचना शाम 7:18 बजे मिली, जिसके बाद आठ से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। एक अन्य अधिकारी ने आशंका जताई कि किसी बस में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
