चंडीगढ़ (दलजीत अजनोहा):- पंजाब सरकार ने हजारों पेंशनरों को 2.59 गुणांक से वंचित रखकर उनके साथ बड़ा धोखा किया है और वरिष्ठ नागरिकों का अपमान भी किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने आरोप लगाया कि मान सरकार ने करीब साढ़े तीन लाख पेंशनरों के साथ बड़ा धोखा किया है।

उन्होंने कहा कि पेंशनर, जो समाज के वरिष्ठ नागरिक हैं, सरकार की ज्यादतियों के कारण सड़कों पर धक्के खाने को मजबूर हैं। पंजाब के छठे वेतन आयोग ने सिफारिश की थी कि पेंशनरों की पेंशन 2.59 गुणांक के साथ संशोधित की जाए, लेकिन सरकार ने पेंशन में संशोधन कम दर पर करके उन्हें भारी वित्तीय चोट पहुंचाई है। इससे पेंशनरों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। पेंशनर पिछले साढ़े चार वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे पेंशनरों को सरकार परेशान व प्रताड़ित कर रही है। जहां सरकार पेंशनरों को वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार 2.59 गुणांक का लाभ नहीं दे रही, वहीं महंगाई भत्ता (डीए) भी छीनने के प्रयास किए जा रहे हैं। विजय सांपला ने कहा कि पेंशनर 2.59 गुणांक की लड़ाई हाईकोर्ट में भी लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार अड़ियल रवैया अपनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता चुनाव से पहले सरकार बनने पर पेंशनरों को इंसाफ दिलाने का वादा करते रहे हैं, लेकिन पिछले पौने पांच वर्षों के दौरान इंसाफ न देकर इस वर्ग के साथ बड़ा विश्वासघात किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार ने कर्मचारियों व पेंशनरों के प्रत्येक वर्ग के साथ वादाखिलाफी की है और लाखों कर्मचारियों व पेंशनरों को कानूनी तथा सड़क की लड़ाइयां लड़ने के लिए मजबूर किया है। विजय सांपला ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने की स्थिति में पेंशनरों की 2.59 गुणांक की मांग पूरी करने के साथ-साथ उनके अन्य सभी जायज मसले भी हल किए जाएंगे।