हरियाणा/पंचकूला, 13 नवंबर (दिनकर गावड़ी):- जननायक जनता पार्टी का स्थापना दिवस आगामी 6 दिसंबर 2026 को महेंद्रगढ़ में मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिला पंचकूला के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक पंचकूला सेक्टर 21 में जेजेपी जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मनोनीत प्रभारी सुरजीत सिंह सोंडा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, एवं लीगल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी अधिवक्ता जगबीर सिंह मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों प्रभारियों ने 6 दिसंबर 2026 को महेंद्रगढ़ में होने वाली रैली में पंचकूला से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के पहुंचने का आह्वान बैठक में मौजूद पदाधिकारियों से किया। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग ने बताया कि जेजेपी अपने 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर 2026 को महेंद्रगढ़ में बहुत बड़ी रैली आयोजित करके इस दिन को ऐतिहासिक बनाएगी तथा लाखों कार्यकर्ताओं के बीच हर्षोल्लास से पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
17 नवंबर को डॉ. अजय सिंह चौटाला होंगे पंचकूला में
जेजेपी जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग एवं वरिष्ठ नेत्री तथा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी डॉ. किरण पूनिया ने बताया कि महेंद्रगढ़ में स्थापना दिवस मनाए जाने को लेकर पंचकूला के तमाम जेजेपी कार्यकर्ताओं एवं आमजन को न्योता देने के लिए 17 नवंबर 2026, मंगलवार को सुबह 11 बजे पंचकूला सेक्टर 12-ए में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला तथा प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। बैठक में दोनों कार्यक्रमों की सफलता को लेकर गंभीर चर्चा हुई तथा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई।
आज की बैठक में पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी डॉ. किरण पूनिया, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के.सी. भारद्वाज, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मुकेश वाल्मीकि, जिला कार्यालय सचिव सुरिंदर चड्डा, महिला जिला प्रधान सुदेश कुमारी, किसान प्रकोष्ठ के जिला प्रधान गुरदेव सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र जैन, जिला प्रवक्ता सुरेश पाठक, जिला एससी सेल के जिला प्रधान आजाद दिलेर, हलका कालका प्रधान मयंक लांबा, हलका पंचकूला प्रधान राजेश निषाद, हलका पंचकूला महिला प्रधान बबीता पूनिया, युवा नेता विजय पांचाल, भीम सिंह पंवार, रणधीर पंवार, जयपाल सिंह, महाबीर चिकारा, हीरामन वर्मा, युवा नेता सचिन सिहाग, आयुष संधू, अभिषेक वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।
