होशियारपुर- बैकफिंको के चेयरमैन संदीप सैनी ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का हार्दिक धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई फेसलेस आर.टी.ओ. सेवाएं राज्य के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से अब लोगों को वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं के लिए आर.टी.ओ. कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
संदीप सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने जनता की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए यह आधुनिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत परिवहन विभाग से जुड़ी 56 प्रमुख सेवाएं पूरी तरह फेसलेस कर दी गई हैं। अब नागरिक इन सेवाओं का लाभ अपने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से या फिर जिले में स्थापित सेवा केंद्रों के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कदम भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जनता को पारदर्शी, त्वरित और सरल सेवा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक सुधार है। सभी सेवा केंद्रों के कर्मचारियों को इस प्रणाली की पूरी ट्रेनिंग दी जा चुकी है ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
संदीप सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान लगातार पंजाब को डिजिटल और पारदर्शी शासन की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के हित में लिए जा रहे ऐसे फैसले निश्चित रूप से ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होंगे।