करनाल, 05 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल करनाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए 840 ग्राम अफीम सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उप निरीक्षक राजन सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। मामले के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर देर शाम थाना रामनगर, करनाल के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 840 ग्राम अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी पुत्र हजूर सिंह, निवासी रणजीत नगर गोंदर, थाना निसिंग, जिला करनाल तथा रणजीत सिंह उर्फ कालू पुत्र निशान सिंह, निवासी डेरा गोंदर रोड, निसिंग, थाना निसिंग, जिला करनाल के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना रामनगर, करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान नशीले पदार्थ अफीम की सप्लाई के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाने हेतु अग्रिम अनुसंधान जारी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई 840 ग्राम अफीम सहित दो आरोपी गिरफ्तार
