ऊना, 17 जून:- जिला ऊना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों के विरुद्ध मामले दर्ज किए हैं। वहीं एक अन्य मामले में मारपीट और घर में घुसकर हमला करने के आरोप में भी पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाई है।

**बहडाला में दुकान से 96 बोतल अवैध शराब बरामद**
पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत बुधवार को एसआई संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बहडाला क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस ने राहुल निवासी जलग्रां, तहसील एवं जिला ऊना की कन्फेक्शनरी दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 96 बोतल देसी शराब (वीआरवी संतरा मार्का) बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

**25 किलो से अधिक चूरा पोस्त बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार**
एक अन्य मामले में एसटीएफ नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बहडाला में आरआर पैलेस के समीप खड़ी पंजाब नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में रखे एक बोरे से 25 किलो 30 ग्राम डोडा अफीम (चूरा पोस्त) बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान कार चालक रजत कुमार निवासी मेन बाजार, किरतपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) ने बताया कि उक्त नशीला पदार्थ कुछ दूरी पर खड़ी एचपी नंबर की सैंट्रो कार से निकालकर उसकी गाड़ी में रखा गया था। इसके आधार पर पुलिस ने सैंट्रो कार की तलाशी ली, जिसमें से 59,500 रुपये नकद बरामद हुए।
इस मामले में रजत कुमार तथा सैंट्रो कार चालक अरुण निवासी वार्ड नंबर 4, बहडाला, तहसील मेहतपुर, जिला ऊना के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

**घर में घुसकर मारपीट करने पर मामला दर्ज**
पुलिस थाना टाहलीवाल के अंतर्गत हीरानगर निवासी कुसम पुत्री बहादुर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 17 जून को करीब 11 बजे करणदीप सिंह, जो उसका चाचा का लड़का है, उनके घर आया और उसके पिता के साथ गाली-गलौज करने लगा। शिकायत के अनुसार करणदीप सिंह और जसप्रीत सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह ने घर में घुसकर उसके तथा उसकी माता के साथ मारपीट की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।