नंगल:- नंगल–श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर एम.पी. की कोठी के पास बीते दिन एक कैंटर ने कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कैंटर सड़क के बीचोंबीच पलट गया, जबकि कार और मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

नंगल थाने के ए.एस.आई. प्रीतम सिंह ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब की ओर से आ रहे कैंटर ने चंडीगढ़ की तरफ जा रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसे में कार को भी काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन एयरबैग खुल जाने के कारण बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो को चोटें आई हैं। हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।

मृतक की पहचान नंगल के जी-ब्लॉक निवासी सौरभ के रूप में हुई है, जो कोरियर बॉय के तौर पर काम करता था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में कैंटर चालक को भी चोटें आई हैं। सौरभ की उम्र करीब 27 वर्ष थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार के सदस्यों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।