हरियाणा/पंचकूला (दिनकर गावड़ी):- पंचकूला के सेक्टर 12-A स्थित महर्षि वाल्मीकि भवन में हरियाणा वाल्मीकि महासभा द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में जजपा जिला पंचकूला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग, कार्यालय सचिव सुरिंदर चड्ढा और पंचकूला जजपा हलका अध्यक्ष राजेश निषाद ने शिरकत की तथा महर्षि वाल्मीकि के चरणों में शीश नवाया। कार्यक्रम में पहुंचने पर हरियाणा वाल्मीकि महासभा, जिला पंचकूला के महासचिव जसवीर जस्सी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जजपा नेताओं का स्वागत किया।

इस अवसर पर जजपा जिला अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग ने सर्वसमाज के लोगों को महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पंचकूला सहित प्रदेश के सभी लोगों से हर परिस्थिति में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी को महर्षि वाल्मीकि के दिखाए मार्ग पर चलकर एक अच्छे समाज का निर्माण करना चाहिए और अपने बच्चों को अच्छी सीख देने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का प्रयास करना चाहिए।