रतिया, 5 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल वैश्य समाज, हरियाणा की ओर से डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, रतिया में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, उनके आदर्शों तथा समाज में दिए गए ‘एक ईंट–एक रुपया’ के संदेश से परिचित करवाना था। 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, सामाजिक समरसता, परोपकार, सहयोग और मानव सेवा की भावना को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज रतिया विधानसभा इकाई के प्रधान लवकेश मित्तल, सह-संरक्षक डॉ. जनकराज गोयल तथा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल रतिया की प्रधानाचार्या मोनिका खन्ना उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

अध्यक्ष लवकेश मित्तल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन एवं विचारों से जोड़ने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज में समानता, सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता का जो संदेश दिया, उसे युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रधानाचार्या मोनिका खन्ना ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में कला-कौशल के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि डी.ए.वी. स्कूल के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जीवंत कर दिया।