लहरागागा, 17 अक्टूबर:- लहरागागा में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने महाराजा अग्रसेन जी को पुष्पहार अर्पित कर नमन किया और उनकी शिक्षाओं को याद किया। इस मौके पर नगर परिषद लहरागागा की अध्यक्ष कांता गोयल भी उनके साथ मौजूद थीं।

कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने महाराजा अग्रसेन जी की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन आपसी सहयोग, सामाजिक समानता और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श हमें जरूरतमंदों का सहारा बनने और समाज में प्रेम तथा भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रेरित करते हैं।

बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार जनकल्याण के कार्यों में योगदान दे और आर्थिक तथा सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे बढ़ने में सहयोग करे।

कैबिनेट मंत्री ने युवा पीढ़ी से अपनी समृद्ध विरासत और महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत, ईमानदारी और सेवा भावना जैसे मूल्यों को अपनाकर युवा समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष कांता गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाएं हमें आपसी सहयोग और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने शहरवासियों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए लहरागागा की बेहतरी और जनकल्याण के कार्यों में सहयोग देने की अपील की।