अंबाला, 24 नवंबर (आर. सिंह):- अंबाला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने एक विदेशी नागरिक को 60 ग्राम एमडीएमए और 52 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को अंबाला सदर थाना क्षेत्र में देवी नगर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन के रूप में हुई है, जो लाइबेरिया का निवासी है और इस समय अमायरा ग्रीन, खरड़, जिला मोहाली, पंजाब में रह रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 ग्राम एमडीएमए और 52 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अंबाला सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है और उचित कार्रवाई की गई है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के नशा तस्करी नेटवर्क की जांच की जाएगी। आरोपी से नशा तस्करी में शामिल आगे और पीछे के संपर्कों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी ने नशीले पदार्थ कहां से प्राप्त किए और उन्हें किसे पहुंचाना था। इसके अलावा पुलिस आरोपी के लाइबेरिया से भारत आने के उद्देश्य, उसके पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई एएनसी स्टाफ अंबाला के सहायक उपनिरीक्षक देविंदर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रणबीर सिंह और उनकी टीम ने एएनसी स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में की।
