हरोली/ऊना, 14 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- फायर पोस्ट टाहलीवाल में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “फायर वीक” मनाया जाएगा। इस अवसर पर फायर पोस्ट टाहलीवाल के कर्मचारियों द्वारा 14 अप्रैल को अग्निशमन उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान 2 मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया।
इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे डॉक विस्फोट के दौरान मुंबई के विक्टोरिया डॉक में खड़े एक बड़े मालवाहक जहाज में लगभग शाम 4:40 बजे भयंकर विस्फोट हुआ था। इस जहाज में करीब 1200 टन विस्फोटक सामग्री, तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे। इस भीषण हादसे में जन-धन की रक्षा करते हुए 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।
इसके अलावा वर्ष 2009 में नालागढ़ की एक औद्योगिक इकाई में हुए भीषण अग्निकांड में 9 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, जिसमें अग्निशमन विभाग के दो कर्मियों की शहादत भी शामिल थी।
फायर वीक के दौरान लोगों को आग से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में सतर्क रहने के बारे में जागरूक किया जाएगा। विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल, जागरूकता अभियान और उपकरणों के प्रदर्शन के माध्यम से आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।