अंबाला, 21 नवंबर (आर. सिंह):- हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का आज अंबाला शहर के रामबाग में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक अशोक अरोड़ा, वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी, विधायक निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों की कई अन्य हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा।
85 वर्षीय चौधरी फूल चंद मुलाना का कल सुबह करीब 9 बजे मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया था। वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन की खबर से हरियाणा कांग्रेस की राजनीति में शोक की लहर फैल गई। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे अंबाला शहर के रामबाग में किया गया। लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।
चौधरी फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रदेश अध्यक्षों में से एक थे। उन्होंने अगस्त 2007 से फरवरी 2014 तक लगभग साढ़े छह साल प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व किया। वह चार बार विधायक चुने गए और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवाएं दीं। उनके बेटे वरुण चौधरी इस समय अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि उनकी बहू पूजा चौधरी मुलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
अंतिम संस्कार से पहले राजकीय सम्मान का मुद्दा भी उठा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रोटोकॉल के अनुसार राजकीय शोक घोषित न किए जाने पर आपत्ति जताई और अधिकारियों से फोन पर बात की। अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद अंतिम संस्कार के दौरान फूल चंद मुलाना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
