संतोषगढ़/ऊना, 22 मई (राजवीर चोपड़ा):- श्री श्याम मित्र मंडल संतोषगढ़ (ऊना) के तत्वावधान में नगर परिषद संतोषगढ़ में पांचवीं बार श्री खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी एवं मेहंदीपुर बालाजी महाराज के भव्य संकीर्तन महोत्सव का आयोजन 30 मई को किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मंडल के सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
मंडल के पदाधिकारी मुकेश बस्सी, मोहिंदर पाल, सुमित चावला, हितेश बस्सी, नंदन, वंश, साहिल मेहन, राकेश सोनी, अंकुश बस्सी, विवेक, परीक्षित, डॉ. डेविड, चेतन चब्बा, नंदन महाजन, संजू, पुष्पराज कौशल एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि संतोषगढ़ में आयोजित होने वाला यह पांचवां भव्य श्याम संकीर्तन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस बार श्री खाटू श्याम जी के भव्य दरबार के साथ-साथ सालासर बालाजी एवं मेहंदीपुर बालाजी महाराज के दरबार भी विशेष रूप से सजाए जाएंगे। दोनों बालाजी दरबारों को सोने और चांदी की आकर्षक सजावट से अलंकृत किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
मंडल के अनुसार, संकीर्तन का आयोजन संतोषगढ़ में पुरानी पानी की टंकी एवं शनिदेव मंदिर के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम में बरेली की प्रसिद्ध श्याम भजन गायिका अंजलि द्विवेदी अपनी मधुर आवाज में बाबा श्याम और बालाजी महाराज की महिमा का गुणगान करेंगी। वहीं, श्याम भजन गायक नमिश बस्सी भी अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
पदाधिकारियों ने बताया कि 30 मई को शाम 8 बजे संकीर्तन का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम के दौरान श्याम रसोई के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए प्रभु प्रसाद (भंडारे) की व्यवस्था भी की जाएगी।
श्री श्याम मित्र मंडल ने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में पहुंचकर खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी एवं मेहंदीपुर बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
संतोषगढ़ में 30 मई को सजेगा खाटू श्याम का भव्य दरबार सोनेचांदी से सुसज्जित होंगे बालाजी दरबार
