चंडीगढ़ (हरमिंदर नागपाल):- आज रामदरबार में महिलाओं द्वारा करवा चौथ का पवित्र त्योहार बड़े उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने एकत्र होकर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा भाव से करवा चौथ की पूजा-अर्चना की तथा अपने सुहाग की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
करवा चौथ के इस पवित्र त्योहार पर भगवान गणेश जी, भगवान शिव, माता पार्वती और चौथ माता की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा करते हुए अपने पतियों की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी। कथा के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की थाली एक-दूसरे के सामने घुमाई गई और महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक करवा चौथ के गीत गाए। इस दौरान “काटी नया तेरी न घूम चरखड़ा फेरी, न बन पाई न सुई च ठगा पाई…” जैसे पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से त्योहार की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया गया।
इसके बाद सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं, बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और हमउम्र महिलाओं ने गले मिलकर प्यार, स्नेह और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, आपसी सद्भाव और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास ने बताया कि वह पिछले लगभग 26 वर्षों से रामदरबार की महिलाओं के साथ मिलकर करवा चौथ का त्योहार मनाती आ रही हैं। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एकजुट करना, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करना तथा भारतीय संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने सभी महिलाओं को करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
