करनाल, 10 अक्तूबर: कर्ण नगरी करनाल आज “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोषों से गूंज उठी। शहर का जनमानस गुरु की पालकी के आगे नतमस्तक दिखाई दिया।अमृतसर के वासी धन धन श्री गुरु रामदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुनानक सेवा जत्था मंजी साहिब गुरुद्वारा द्वारा, बाबा सुक्खा सिंह के मार्गदर्शन में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया।
नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा डेरा कार सेवा तथा गुरुद्वारा मंजी साहिब से हुई। कार्यक्रम का आरंभ गुरु की अरदास से किया गया। इस अवसर पर भाजपा विधायक जगमोहन आनंद, एचएसजीपीसी के पूर्व सदस्य गुलाब सिंह, गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रपाल सिंह, तथा हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव हरमीत सिंह हेप्पी ने गुरु की पालकी के आगे मत्था टेका।
अतिथियों का सिरोपाव पहनाकर स्वागत एचएसजीपीसी के पूर्व सदस्य व गुरुनानक सेवा जत्था मंजी साहिब गुरुद्वारा के प्रधान रतन सिंह, सरपरस्त राजेंद्र मिड्ढा, प्रीतपाल सिंह रहेजा, सतिंदर सिंह, अमन मिड्ढा तथा अमृतपाल सिंह ने किया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा मंजी साहिब (पहली पातशाही) से आरंभ होकर कर्ण गेट, कमेटी चौक, सब्जी मंडी चौक, कुंजपुरा रोड, अस्पताल चौक, निर्मल कुटिया, कालड़ा मार्केट, और अर्बन एस्टेट से होते हुए पुनः डेरा कार सेवा में संपन्न हुआ।
मार्ग में नगर कीर्तन का स्वागत खुराना ज्वैलर्स के गोल्डी खुराना, एवन स्वीट्स के शशि भूषण गुप्ता सहित कई धार्मिक संस्थाओं व व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने पुष्प वर्षा कर किया। नगर कीर्तन में पांच प्यारे संगत को आस्था का संदेश दे रहे थे, वहीं गतका पार्टी ने अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। जगह-जगह लंगर के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर रतन सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में भारी संख्या में संगत ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को डेरा कार सेवा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक गुरमति समागम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गुरु का अटूट लंगर भी बरता जाएगा। समागम से एक दिन पूर्व, गुरुद्वारा मंजी साहिब में शाम 6 बजे से विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन होगा।
बोले सो निहाल की गूंज से थिरका करनाल हर चौक पर आस्था हर दिल में गुरु का नाम
