करनाल, 24 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बुटाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 68 बोतल अवैध शराब बरामद की है।

थाना बुटाना के प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरेंद्र सिंह पुत्र नाथी सिंह, निवासी जगतारपुरा, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांव लतरो में अवैध रूप से खुर्दा लगाकर शराब बेच रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से अवैध शराब बरामद की। आरोपी के पास से कुल 68 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।

इस संबंध में जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना बुटाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि अवैध शराब की बिक्री से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।