पटियाला (परमजीत सिंह परवाना):- 2014 बैच की वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी जशनप्रीत कौर गिल ने पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी), पटियाला के प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है। इस अवसर पर पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जशनप्रीत कौर गिल का स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें पीआरटीसी की कार्यप्रणाली, मौजूदा प्रशासनिक स्थिति और यात्रियों को उपलब्ध करवाई जा रही परिवहन सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

जशनप्रीत कौर गिल ने कहा कि पीआरटीसी की सेवाओं को और बेहतर, सुचारू एवं यात्री-अनुकूल बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समय पर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार ठोस प्रयास किए जाएंगे। नई एमडी ने कहा कि आने वाले समय में पीआरटीसी के बस बेड़े में और नई बसें शामिल करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मार्गों पर सेवाओं का विस्तार किया जा सके। यात्रियों की जरूरतों को जल्द से जल्द पूरा करने, पीआरटीसी की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने, आय के नए स्रोत विकसित करने तथा संस्था की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नई योजनाएं तैयार कर उन्हें लागू करने के प्रयास किए जाएंगे।