करनाल (प्रवीण वालिया, 11 नवंबर):- दुनिया के सबसे बड़े शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण के परिणाम घोषित हो चुके हैं। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा जारी इन परिणामों में करनाल को हरियाणा का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। इसके साथ ही लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वाला करनाल प्रदेश का पहला शहर बन गया है।
बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, महापौर रेणु बाला गुप्ता और नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा को राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच पर केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री तोखन साहू और मंत्रालय के सचिव भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग अगले दो दिनों में जारी होने की उम्मीद है।
महापौर ने सफाई मित्रों और शीर्ष नेतृत्व को दिया श्रेय
नगर निगम की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि करनाल के साथ-साथ पूरे हरियाणा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री और करनाल के सांसद मनोहर लाल का आभार जताया। महापौर ने कहा कि मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व ने करनाल को विकास और स्वच्छता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय समर्पित सफाई मित्रों, निष्ठावान अधिकारियों, कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों को दिया।
सामूहिक सहयोग और नागरिक सहभागिता की जीत: निगमायुक्त
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड मिलने पर शहरवासियों को बधाई दी और इसे सामूहिक सहयोग व नागरिक सहभागिता का परिणाम बताया। उन्होंने हर मौसम में शहर को साफ रखने वाले सफाई मित्रों के योगदान को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए सफाई शाखा की पूरी टीम की सराहना की।
इन मानकों पर परखा गया शहर
निगमायुक्त ने बताया कि भारत सरकार की टीम ने बीते मार्च-अप्रैल माह में शहर का गहन सर्वेक्षण किया था। टीम ने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर मूल्यांकन कर अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी थी:
- दृश्य स्वच्छता और स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच
- कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, संग्रहण और परिवहन
- ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और प्रयुक्त जल प्रबंधन
- मल-कीचड़ निकासी सेवाओं का मशीनीकरण और संस्थागत मानदंड
- सफाई कर्मचारियों का समग्र कल्याण, नागरिक प्रतिक्रिया और शिकायत निवारण
