रतिया,17अगस्त:- पंजाब नेशनल बैंक, अनाज मंडी रतिया द्वारा लाडली शिक्षा प्रोत्साहन योजना 2026-27 के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई (फतेहाबाद) की वर्ष 2025-26 में कक्षा छठी, सातवीं, आठवीं और नौवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनुसूचित जाति (एस.सी.) की छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्रा गुरविन्दर कौर तथा कक्षा 8वीं की छात्रा सिमरन कौर के बैंक खातों में ₹5,000-₹5,000 की राशि स्थानांतरित की गई। वहीं कक्षा 7वीं की छात्रा आरती तथा कक्षा 6वीं की छात्रा मंजोत कौर के खातों में ₹3,000-₹3,000 की प्रोत्साहन राशि जमा करवाई गई।
 अनाज मंडी रतिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस प्रोत्साहन राशि के डमी चेक मुख्य अतिथि विधायक जरनैल सिंह एवं एस.डी.एम. रतिया सुरेंद्र सिंह द्वारा छात्राओं को वितरित किए गए। इस अवसर पर छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्री राजीव बैरवा, विद्यालय के प्राचार्य अवनीश गर्ग, डॉ नैब सिंह मंडेर, प्रवक्ता चरणजीत सिंह, सोनू गर्ग, हॉस्टल वार्डन मैडम महेशी, सुनीता मोंगा, रूपिंदर कौर सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने पंजाब नेशनल बैंक द्वारा छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।