होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए शुरू किए गए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिला पुलिस और सिविल प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में गांव सरहाला कलां में पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की सहायता से गिरा दिया गया। यह निर्माण कथित तौर पर नशा तस्करी से जुड़े एक परिवार द्वारा किया गया था।
एसपी पीबीआई संदीप सिंह मंड, डीएसपी भारत भूषण, सहायक कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग) अमनदीप कौर और नायब तहसीलदार सुखमिंदर सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल की सहायता से अवैध निर्माण गिराया गया। एसपी पीबीआई संदीप सिंह मंड ने कहा कि नशों के खात्मे के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस तरह के अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह निर्माण पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से किया गया था, जबकि संबंधित परिवार नशों से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के सात अलग-अलग मामलों का सामना कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण कथित तौर पर नशे के कारोबार से कमाए गए पैसों से अवैध रूप से किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में 60 दिनों तक चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस तरह के अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी इसी प्रकार कार्रवाई की जाएगी।
