अंबाला, 12 नवंबर (आर. सिंह):-जिला नगर योजनाकार, अंबाला की टीम ने गांव साहा (हदबस्त नंबर 93) के शहरी क्षेत्र में खसरा नंबर 74//25 पर लगभग 0.9 एकड़ भूमि में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-जिला नगर योजनाकार श्रीमती गुंजन वर्मा, जूनियर इंजीनियर गुरजिंदर सिंह और हरियाणा एनफोर्समेंट ब्यूरो के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। जिला नगर योजनाकार श्रीमती गुंजन वर्मा ने आम लोगों से अपील की कि वे इस तरह विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार का निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी को ध्वस्त किया
