हांसी (दिनकर गावड़ी):- तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी भी ठगी, धमकी और रंगदारी मांगने के लिए नए-नए डिजिटल तरीके अपना रहे हैं। ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा ‘अभेद्य’ मोबाइल ऐप तैयार किया गया है। हांसी पुलिस द्वारा इस ऐप के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि नागरिक संदिग्ध विदेशी और वर्चुअल नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप कॉल तथा संदेशों से अपना बचाव कर सकें।

हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी विदेशी नंबरों, इंटरनेट कॉलिंग और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को डराकर ठगी करने तथा रंगदारी मांगने जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ‘अभेद्य’ ऐप ऐसी संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों की पहचान करने और उनसे बचाव करने में सहायक है। ऐप के माध्यम से संदिग्ध कॉल को ब्लॉक करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

‘अभेद्य’ ऐप की प्रमुख विशेषताओं में अनजान विदेशी और वर्चुअल नंबरों से आने वाली संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल को रोकना, संदिग्ध नंबरों को ब्लॉक करना तथा धमकी भरे संदेशों और डिजिटल उत्पीड़न से बचाव करना शामिल है। इसके अतिरिक्त संदिग्ध नंबरों से जुड़ी जानकारी का तकनीकी विश्लेषण करने में भी यह ऐप पुलिस के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

एसपी हांसी ने कहा कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसियों के अधिकारी बनकर लोगों को वीडियो कॉल करते हैं और झूठे मामलों में फंसाने या गिरफ्तार करने का डर दिखाकर पैसों की मांग करते हैं। वहीं कुछ अपराधी विदेशी नंबरों से कॉल कर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर रंगदारी मांगते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसे लोगों के झांसे में न आएं, किसी भी दबाव में पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और डिजिटल सुरक्षा के लिए उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाएं। ‘अभेद्य’ ऐप का अधिकृत एक्सेस प्राप्त करने तथा इससे संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक नागरिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय हांसी में साइबर सेल से संपर्क कर सकते हैं।