संतोखगढ़/ऊना, 11 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोखगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आईईसी अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद संतोखगढ़ हर्ष गुप्ता ने की। इस अवसर पर नगर परिषद के सफाई निरीक्षक आशुतोष शर्मा, कनिष्ठ अभियंता ई० अर्श कुमार रत्न तथा सामाजिक विकास विशेषज्ञ मनोज कौशिक भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर हर्ष गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण में 309 घरों का निर्माण किया जा चुका है, जिन पर लगभग 5.51 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। वहीं दूसरे चरण में 30 घर स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा राशि चार किस्तों में जारी की जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिन पात्र लाभार्थियों के पास अपना पक्का मकान नहीं है, नगर परिषद क्षेत्र में अपनी भूमि है तथा जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक है, वे इस योजना के लिए ऑनलाइन या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता चार किस्तों में प्रदान की जाती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इसका लाभ उठाकर अपने सपनों का सुरक्षित एवं मजबूत घर बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान अर्बन प्लानर अंजू सोनी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
वहीं सिविल इंजीनियर एवं अर्बन प्लानर आदित्य पाठक ने सुरक्षित निर्माण पद्धतियों पर प्रकाश डालते हुए आपदा रोधी घरों के निर्माण, तकनीकी निगरानी, भवन निर्माण संबंधी नियमों व सुरक्षा संहिताओं, मजबूत नींव, उपयुक्त डीपीसी, आरसीसी फ्रेम निर्माण, कंक्रीट एवं स्टील (सरिया) के संतुलित उपयोग, गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री तथा बीम, कॉलम और स्लैब के सही जोड़ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्लैब डालते समय वाइब्रेटर के प्रयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस कार्यशाला में सिटी मिशन मैनेजर सुशील गुप्ता, अभिषेक पठानिया, नगर परिषद से जसविंदर सिंह, बलजीत सिंह, रुचि, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थी तथा स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।