भूंगा/गढ़दीवाला/होशियारपुर:- होशियारपुर में एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां के गांव धूत कलां में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की गर्दन पर तेजधार हथियार से कई वार करके उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान इंदरप्रीत कौर के रूप में हुई है। वारदात के बाद उसका पिता मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना उस समय हुई जब लड़की की मां घरेलू काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। घर में बेटी को अकेला देखकर पिता ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना हरियाणा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार होने में कामयाब हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार हत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इंदरप्रीत कौर 12वीं कक्षा की छात्रा थी और देश भगत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धूत कलां में पढ़ती थी। वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की का पिता अमरजीत सिंह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना हरियाणा के एसएचओ गुरबचन सिंह, पुलिस चौकी भूंगा के प्रभारी अजमेर सिंह और डीएसपी नरिंदर सिंह मनहास पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और वारदात से संबंधित तथ्य जुटाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि लड़की परिवार की इकलौती संतान थी। आरोप है कि पिता ने शक के आधार पर उसकी हत्या कर दी। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और समाज में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस मौके पर डीएसपी नरिंदर सिंह मनहास ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि लड़की के रिश्तेदार के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
