होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया और उनकी टीम ने आज होशियारपुर शहर की सबसे अधिक चलने वाली बेकरी राजेश बेकरी पर छापा मारा। यहां निरीक्षण के दौरान सामने आई स्थिति को देखकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। राजेश बेकरी पर खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। गंदगी से सनी ट्रे में पैटी और कुलचे पड़े हुए थे, साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आए और महज पांच रुपये में लेमन ड्रिंक बेची जा रही थी। बताया गया कि एक दिन में लेमन जीरा की लगभग 2,000 से अधिक बोतलें बिक जाती हैं और एक बोतल की कीमत पांच रुपये है। लेमन ड्रिंक में घटिया स्तर की सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। इस मौके पर फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार, राम लुभाया और गुरविंदर शाने भी मौजूद थे।

इस मौके पर डॉ. जतिंदर भाटिया ने बताया कि यहां से संबंधित कई शिकायतें लोगों की ओर से आ रही थीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बच्चों को पांच रुपये में घटिया किस्म के मसाले से तैयार जीरा लेमन बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किए जाने की शिकायतों की पुष्टि से संबंधित स्थिति सामने आई। उन्होंने कहा कि बेकरी में अनहाइजीनिक किस्म की पैटी, पिज्जा और ब्रेड भी पाई गई, जिनकी मियाद समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा काफी अन्य सामान भी साफ-सफाई के उचित प्रबंध के बिना रखा हुआ पाया गया।

उन्होंने बताया कि जीरा लेमन तैयार करने वाले मिश्रण का सैंपल ले लिया गया है। इस मिश्रण के किस फैक्टरी में तैयार होने का पता नहीं चल पाया, क्योंकि उस पर किसी भी कंपनी का कोई लेबल नहीं था। इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया गया है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

डॉ. भाटिया ने बताया कि इस लेमन जीरा पर न तो एक्सपायरी डेट थी और न ही मैन्युफैक्चरिंग डेट। उन्होंने बताया कि इस जीरे को कैपका कोला की ब्रांडेड बोतलों में डालकर बेचा जा रहा था। इस मौके पर राजेश बेकरी के मालिक ने साफ-सफाई की कमी की बात स्वीकार की, लोगों से माफी मांगी और भविष्य में साफ-सफाई रखने का भरोसा दिलाया।