चंडीगढ़, 18 नवंबर:- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा ने ‘एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। यह बड़ी उपलब्धि सभी लाभार्थी वर्गों के बीच नियमित आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) की खुराक सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय और ठोस प्रयासों का परिणाम है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के स्कोरकार्ड के अनुसार, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के तहत ‘एनीमिया मुक्त हरियाणा/एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम में आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) कवरेज के मामले में हरियाणा ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा ने 89.2 का एएमबी इंडेक्स प्राप्त किया है, जो 66.2 के राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। हरियाणा ने यह शीर्ष स्थान उत्तराखंड के साथ साझा किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एनीमिया मुक्त भारत और पोषण अभियान के तहत नियमित आईएफए अनुपूरण, व्यापक जांच, समय पर उपचार, परामर्श तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मजबूत निगरानी के निरंतर प्रयासों को दिया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के मिशन निदेशक डॉ. आर.एस. ढिल्लों ने आगे बताया कि हरियाणा ने सराहनीय प्रगति करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के 78.5 प्रतिशत के समग्र आईएफए कवरेज इंडेक्स, जिसमें प्रदेश तीसरे स्थान पर था, को सुधारकर दूसरी तिमाही में 89.2 प्रतिशत तक पहुंचा दिया और पहला स्थान हासिल किया। इस दौरान सभी श्रेणियों में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया। 6 से 59 महीने के बच्चों की कवरेज 78.0 प्रतिशत से बढ़कर 89.3 प्रतिशत, 5 से 9 वर्ष के बच्चों की कवरेज 77.0 प्रतिशत से बढ़कर 80.5 प्रतिशत, 10 से 19 वर्ष के किशोरों की कवरेज 74.1 प्रतिशत से बढ़कर 95.0 प्रतिशत तथा स्तनपान कराने वाली माताओं की कवरेज 68.2 प्रतिशत से बढ़कर 86.1 प्रतिशत हो गई। वहीं, गर्भवती महिलाओं की कवरेज 95.0 प्रतिशत पर बरकरार रही।

इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में 17 सितंबर, 2026 को अंबाला से ‘100 दिवसीय एनीमिया कमी अभियान’ की भी शुरुआत की गई थी। राज्य एनीमिया ट्रैकिंग पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक पूरे प्रदेश में 3.56 लाख से अधिक हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच की जा चुकी हैं।

इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त हरियाणा का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को पूरी तरह साकार करने के लिए जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाएं, किशोरियां और बच्चे अपने स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहें।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे समय-समय पर अपने हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य करवाएं, संतुलित एवं पौष्टिक आहार को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करें तथा सरकार द्वारा मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करके इस जन-अभियान को सफल बनाएं।