मोहाली (जगमीत घुम्मण):- माता-पिता के सम्मान और गौ-सेवा के पावन संदेश को समर्पित मात-पिता गौधाम महातीर्थ, बनूड़-अंबाला रोड स्थित गांव खल्लौर, जिला मोहाली में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब एवं ट्राइसिटी सहित विभिन्न राज्यों से लगभग 2,000 श्रद्धालु, गौ-भक्त और समाजसेवी शामिल हुए।
महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन सम्राट अनूप जलोटा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में डिप्लोप्लास्ट प्लास्टिक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन तथा रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता विनोद बच्चन, बॉलीवुड संगीत निर्देशक उस्मान खान तथा बाल अतिथि एवं सोशल सर्विस एंबेसडर कुमारी सियाज पुनिया शामिल रहे। कार्यक्रम को संतों का विशेष आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। इनमें आचार्य सुशील मुनि मिशन के संस्थापक, योग मनीषी आचार्य श्री विवेक मुनि जी महाराज, उत्तर भारतीय प्रवर्तिनी श्रमणी सूर्या डॉ. श्री सरिता जी महाराज, महामंडलेश्वर गुरु मां वीणा सरस्वती जी महाराज तथा योगी, ध्यानी एवं मार्गदर्शक स्वामी योगव्रत जी महाराज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
संध्या के समय सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री हित शरण सिद्धार्थ भैया जी ने अपनी मधुर वाणी से समां बांध दिया। इसके बाद भजन सम्राट अनूप जलोटा के भावपूर्ण भजनों पर समूचे श्रद्धालु झूम उठे।
अनूप जलोटा जी ने कहा, “विश्व के इस प्रथम एवं एकमात्र मात-पिता मंदिर में आना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है। ऐसा अद्भुत धाम मैंने पहले कभी नहीं देखा।” फिल्म निर्माता विनोद बच्चन ने मात-पिता मंदिर को अद्भुत और अकल्पनीय बताया, वहीं संगीत निर्देशक उस्मान खान ने विश्व के प्रथम मात-पिता मंदिर की इस अनूठी परिकल्पना की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। आचार्य श्री विवेक मुनि जी महाराज और स्वामी योगव्रत जी महाराज ने इसे समाज को दिशा देने वाली अद्भुत एवं मार्गदर्शक सोच बताया। बाल अतिथि कुमारी सियाज पुनिया ने संस्था द्वारा माता-पिता और नारी सम्मान तथा भावी पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने के प्रयासों की खूब सराहना की।
महोत्सव की शुरुआत सुबह से ही श्रद्धालुओं के आगमन के साथ हुई। प्रातःकाल चाय, पकौड़ों और जलेबी के लंगर के साथ दिन में हवन-यज्ञ एवं गौदान संपन्न हुआ। स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। दोपहर में कढ़ी-चावल का लंगर लगाया गया।
संध्या आरती के समय संस्था की ओर से सभी श्रद्धालुओं को मिट्टी के दीपक उपलब्ध करवाए गए। इसके बाद अतिथियों, संतों और भक्तों ने मिलकर 1,008 देसी घी के दीपों से गौमाताओं की दिव्य महाआरती की। आरती के बाद सभी गौमाताओं को लड्डू खिलाए गए और श्रद्धालुओं में लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया। रात्रि भोज में मटर पनीर, दाल मखनी, मिक्स सब्जी, खीर, पूरी, रोटी, चावल और सलाद का विशाल भंडारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के संस्थापक श्री गौचर दास ज्ञान वालिया जी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और समाज को माता-पिता का आदर-सत्कार करने तथा गौमाता से प्रेम करने का पावन संदेश दिया।
