चंडीगढ़, 19 नवंबर:- हरियाणा सरकार ने टीबी (तपेदिक) के खिलाफ अभियान को और मजबूत करने के लिए एनटीपीसी और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) से 7.35 करोड़ रुपये की कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) सहायता प्राप्त की है। इस राशि से अगले तीन वर्षों में 11,811 टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही चार जिलों में अत्याधुनिक मोबाइल डायग्नोस्टिक सुविधाओं के माध्यम से हर साल लगभग 1.63 लाख लोगों की टीबी जांच की जाएगी।
इस पहल के तहत करनाल और पानीपत में टीबी का इलाज करवा रहे मरीजों को प्रोटीन से भरपूर पोषण किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं, विशेष उपकरणों से लैस चार मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन के माध्यम से मेवात, करनाल, कुरुक्षेत्र और चरखी दादरी के 392 चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों में टीबी की जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि दोनों सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ यह सहयोग टीबी उन्मूलन की दिशा में दो महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करेगा। इनमें उपचार के दौरान मरीजों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध करवाना और उन क्षेत्रों तक शुरुआती जांच की सुविधा पहुंचाना शामिल है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है।
इस व्यवस्था के तहत एनटीपीसी ने पोषण सहायता के लिए 4.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जबकि हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने मोबाइल डायग्नोस्टिक सुविधाओं के लिए 2.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि टीबी का उन्मूलन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में कॉरपोरेट संस्थाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
तीन वर्षों में 11,811 टीबी मरीजों को मिलेगी पोषण सहायता
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाई जा रही नि-क्षय मित्र पहल के अंतर्गत एनटीपीसी अगले तीन वर्षों में करनाल और पानीपत के 11,811 टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करेगा। इसके तहत मरीजों की छह महीने की उपचार अवधि के दौरान उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दिया जाएगा।
इस पहल से करनाल के 5,904 और पानीपत के 5,907 मरीज लाभान्वित होंगे। इनमें करनाल में हर साल 1,968 और पानीपत में 1,969 मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रत्येक मरीज को हर महीने लगभग 700 रुपये की प्रोटीन से भरपूर पोषण किट दी जाएगी। इस पोषण सहायता का उद्देश्य मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार करना, उपचार के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना और पोषण की कमी के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम करना है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुपोषण उनके ठीक होने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है और अन्य स्वास्थ्य जटिलताओं का जोखिम बढ़ा सकता है।
एनटीपीसी से मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। दोनों जिलों में उपायुक्त स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यह राशि सीधे जिला सहयोग निधि में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
392 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों तक पहुंचेंगी चार अत्याधुनिक मोबाइल वैन
टीबी की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हुडको की ओर से दी गई 2.39 करोड़ रुपये की सहायता से चार मोबाइल टीबी डायग्नोस्टिक वैन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन वैन में चार-मॉड्यूल ट्रूनेट क्वाट्रो वर्कस्टेशन और अत्याधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे सिस्टम लगाए जाएंगे।
ये मोबाइल वैन 392 चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों को कवर करेंगी। इनमें मेवात के 111, करनाल के 109, कुरुक्षेत्र के 103 और चरखी दादरी के 69 क्षेत्र शामिल हैं।
इन अत्याधुनिक जांच उपकरणों की मदद से स्वास्थ्य विभाग की टीमें संवेदनशील आबादी तक उनके नजदीक ही टीबी जांच की सुविधा पहुंचा सकेंगी। विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा, जहां विशेषज्ञ जांच सुविधाओं तक पहुंच सीमित है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर महीने 80 विशेष जांच शिविर लगाने की योजना बनाई गई है। विभागीय अनुमान के अनुसार, इन मोबाइल वैन के माध्यम से हर महीने लगभग 13,600 लोगों की जांच की जा सकेगी। इस तरह सालाना करीब 1.63 लाख लोगों की टीबी स्क्रीनिंग करने की क्षमता विकसित होगी।
इसमें करनाल में हर महीने 5,000, मेवात में 3,600, कुरुक्षेत्र में 3,000 और चरखी दादरी में 2,000 लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस व्यवस्था से टीबी के संभावित मरीजों की सक्रिय रूप से पहचान करने, समय पर जांच करवाने और बीमारी की पुष्टि होने पर मरीजों का जल्द उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी।
पोषण सहायता और शुरुआती जांच से मजबूत होगा टीबी उन्मूलन अभियान
डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि पोषण सहायता और घर के नजदीक जांच सुविधाओं पर एक साथ ध्यान देने से मरीजों की देखभाल बेहतर होगी और अधिक जोखिम वाले समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए एनटीपीसी और हुडको का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संस्थागत प्रयास मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने और आधुनिक जांच सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह पहल कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत वित्तीय सहयोग, अत्याधुनिक जांच तकनीक और मरीजों को लक्षित पोषण सहायता के समन्वय से हरियाणा में टीबी की पहचान और उपचार प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
