चंडीगढ़, 15 अक्तूबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से अहम मुलाकात की। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-स्वीडन द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा हरियाणा में सहयोग के नए आयाम तलाशने पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीडन के साथ की गई मुलाकातों को आगे बढ़ाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने उल्लेख किया कि मई 2025 में भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। आने वाले पांच वर्षों में दोनों देशों ने आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

सैनी ने बताया कि वर्तमान में भारत में कई स्वीडिश कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच मिलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से हरियाणा में उपलब्ध 18 ड्राई पोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके संबंध में स्वीडन के साथ मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

स्वीडन के मंत्री बेंजामिन दौसा ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और हरियाणा के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने दौसा को ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम के लिए भी आमंत्रित किया। इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।