चंडीगढ़, 15 अक्तूबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन में आयोजित इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारत और स्वीडन के बीच नवाचार, व्यापार और औद्योगिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे के अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होना उनके लिए सम्मान और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ‘इंडिया-स्वीडन 2035’ के प्रतिस्पर्धी भविष्य के लिए नवाचार की साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने इस वर्ष के कार्यक्रम में हरियाणा को राज्य भागीदार बनाने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीडन के साथ भारत के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। यह कदम दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है। व्यापार के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और स्वीडन के बीच व्यापार वर्ष 2016 के 2.86 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2025 में 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है, जो दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाता है।
हरियाणा में स्वीडिश कंपनियों द्वारा किए जा रहे निवेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में IKEA का 3,500 करोड़ रुपये का एकीकृत प्रोजेक्ट हरियाणा में कंपनी के भरोसे का स्पष्ट उदाहरण है। इसी तरह, झज्जर की मैट सिटी में स्वीडन की एक कंपनी अपना कार्ल गुस्ताफ विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। स्वीडिश-स्विस समूह ABB की फरीदाबाद में वर्ष 1951 से संचालित विनिर्माण इकाई आधुनिक इलेक्ट्रिक मोटरों के एक प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित हो चुकी है। इसके अलावा, स्वीडन के शिक्षा संस्थान कुनस्काप्सकोलन का पहला भारतीय स्कूल वर्ष 2013 में गुरुग्राम में खोला गया था।
सैनी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड विद स्वीडन’ के तहत दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों को दर्शाती हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों को हरियाणा में आयोजित होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2027’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी को हरियाणा की पवित्र भूमि कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।
इस अवसर पर स्वीडन के मंत्री बेंजामिन दौसा, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और भारतीय राजदूत अनुराग भूषण भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के संबोधन से भारत और स्वीडन के बीच नवाचार, शिक्षा, विनिर्माण और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हरियाणा सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने और वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
