हांसी, 15 सितंबर:- विद्यार्थियों को प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ स्वयं प्राप्त करने के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से हांसी जिले में ‘प्रशासन से परिचय’ अभियान शुरू किया जा रहा है। इस पहल के साथ हांसी प्रदेश का चौथा जिला बन गया है, जहां यह अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत वीरवार से होगी।
अभियान की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने मंगलवार को जिला सचिवालय परिसर स्थित सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश देते हुए अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन इस अभियान को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट मानते हैं। इससे पहले वे जिन जिलों में कार्य कर चुके हैं, वहां भी उन्होंने इस अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करवाया है। पंचकूला, सोनीपत और सिरसा के बाद अब हांसी में भी विद्यार्थियों तक इस पहल का लाभ पहुंचाने के लिए उन्होंने विशेष रूप से पहल की है।
एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि ‘प्रशासन से परिचय’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सरकारी कार्यालयों का भ्रमण करवाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का व्यावहारिक अवसर प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों में सरकारी व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में सरकारी योजनाओं, सेवाओं तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों को यह जानकारी होगी कि किस कार्य के लिए कौन-सा विभाग जिम्मेदार है, सरकारी सेवाएं किस प्रकार प्राप्त की जा सकती हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया क्या है, तो वे बिना किसी बिचौलिए या अनावश्यक सहायता के स्वयं सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सक्षम होंगे। यह पहल विद्यार्थियों को जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में सरकारी विद्यालयों की कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। प्रथम चरण के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हांसी, मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिसाय, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुट्ठी मंगल खां तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाटोल खरकड़ा के विद्यार्थियों का चयन किया गया है। आगामी चरणों में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली, विभागों की जिम्मेदारियों, सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को जिले में संचालित विभिन्न उद्योगों एवं औद्योगिक गतिविधियों से भी परिचित करवाया जाएगा, ताकि वे प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ जिले के आर्थिक एवं औद्योगिक स्वरूप को भी समझ सकें।
एडीसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाने वाले प्रत्येक कार्यक्रम को व्यावहारिक, ज्ञानवर्धक और संवादात्मक बनाया जाए, ताकि विद्यार्थी इसमें रुचि के साथ भाग लें और उन्हें वास्तविक रूप से लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था में ही प्रशासन की कार्यप्रणाली से जोड़ना भविष्य में उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सरकारी सुविधाओं के प्रति अधिक जागरूक बनाएगा। यह अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक में सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एडीसी लक्षित सरीन की पहल से हांसी में शुरू होगा प्रशासन से परिचय अभियान प्रदेश का चौथा जिला बना हांसी
