हिसार:– एस.डी. महिला महाविद्यालय में रविवार को एक भव्य एवं अत्यंत श्रद्धामय गुरमत समागम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गुरुद्वारा साहिबान की सभी प्रबंधक समितियों, ग्रंथी सिंह साहिबान तथा संगत ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक कपूर वाल्मीकि ने शिरकत की।
समागम की शुरुआत गुरु की बाणी के कीर्तन और अरदास के साथ हुई। इसके पश्चात विधायक विनोद भयाना ने संबोधित करते हुए कहा वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
उन्होंने कहा कि आज महान गुरमत समागम में पवित्र संगत के बीच उपस्थित होना मेरे लिए सौभाग्य, सम्मान और विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है। इस समागम का आयोजन गुरु साहिब की महिमा और उनके अमर संदेश को समर्पित है।
विधायक भयाना ने हिंद की चादर, जगत गुरु धन-धन गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मानवता, सत्य और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शहादत केवल सिख इतिहास की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की अमूल्य धरोहर है। मानवता की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान भी छोटा है—यही संदेश गुरु साहिब ने दुनिया को दिया।
 विधायक ने सभी गुरुद्वारा साहिबान की संयुक्त संगत द्वारा इस समागम को आयोजित करने को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह एकता, सेवा-भाव और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सांझा समागम हम सब के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्मरण नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश फैलाना है। साथ ही बच्चों को गुरबानी, गुरमत और सिख इतिहास की जानकारी देना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस समागम से प्राप्त शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
 विधायक भयाना ने कहा कि गुरुओं की परंपरा हमें निःस्वार्थ सेवा,सरबत दा भला और मानवता की रक्षा का संदेश देती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के विकास, युवाओं की उन्नति तथा धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए वह सदैव संगत के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने अरदास करते हुए कहा कि वाहेगुरु जी अपनी बेअंत मेहर, शांति और चढ़ती कला हम सब पर बनाए रखें। उन्होंने इस ऐतिहासिक और भव्य गुरमत समागम के सफल आयोजन पर सभी गुरुद्वारा समितियों, प्रबंधकों और गुरु की प्यारी संगत को हार्दिक बधाई दी।
इस अवसर पर कथावाचक अमरीक सिंह, गुरु घर कीर्तनीय अमनदीप कौर, गुरु घर कीर्तनीय गुरप्रीत सिंह, बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ शिव शंकर पाहवा, सरदार दर्शन सिंह गावड़ी, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष दिनेश धवन, नगर परिषद के अध्यक्ष प्रवीन ऐलावादी,बवानी खेड़ा मार्केट कमेटी के अध्यक्ष राजू हंस, सरदार बलविंदर सिंह खालसा, सरदार भारत भूषण खुराना, कश्मीरी लाल पाहवा, हरेंद्र सिंह नागरू, हरदीप मान,राहुल खुराना, हरेंद्र पाल सिंह, एन डी हंस, मोनिका बत्रा, सीमा खुराना अमिताभ भटनागर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।