हरोली/ऊना, 9 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- बाथड़ी से सटे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चरण छोह गंगा खुरालगढ़ साहिब में 11 से 15 अप्रैल तक भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वार्षिक आयोजन में हर साल की तरह देश के विभिन्न राज्यों सहित विदेशों से भी बड़ी संख्या में संगत पहुंचेगी।
आयोजन के दौरान महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती, अमृत धारा प्रकट दिवस तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
चरण छोह गंगा खुरालगढ़ साहिब के प्रधान संत सुरिंद्र दास ने बताया कि इस पवित्र स्थल का इतिहास श्री गुरु रविदास महाराज से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि गुरु महाराज की दिव्य शक्ति से यहां लोगों की मांग पर जल समस्या का समाधान हुआ था। तभी से यहां गंगा स्वरूप अमृत धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है, जो आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि खुरालगढ़ साहिब में वर्षभर विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिनमें देश-विदेश से श्रद्धालु नतमस्तक होने पहुंचते हैं। इसी कड़ी में 11 से 15 अप्रैल तक होने वाले इस कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है।
इस अवसर पर चरण छोह गंगा अमृत कुंड के चेयरमैन नाजर सिंह मान, कोषाध्यक्ष कर्म चंद, सह-कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह मुग्गोवाल, संत दयाल चंद, संत निरंजन दास, संत गिरधारी लाल तथा सेवानिवृत्त हरबंस सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
चरण छोह गंगा खुरालगढ़ साहिब में 11 से 15 अप्रैल तक भव्य धार्मिक कार्यक्रम देशविदेश से पहुंचेगी संगत
