संतोषगढ़/ऊना, 26 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ के ठाकुरद्वारा गीता भवन मंदिर में रामनवमी के उपलक्ष्य में चल रहे महोत्सव के दौरान गुरुवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा घर-घर जाकर श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया था। रामनवमी के अवसर पर नगर में कई धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
नवरात्रों के समापन पर कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। गीता भवन मंदिर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।
शोभायात्रा ठाकुरद्वारा गीता भवन मंदिर से प्रारंभ हुई, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। नगर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और जय श्रीराम के उद्घोष लगाते हुए नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा के मंदिर वापस पहुंचने पर रामलला महाराज की पूजा-अर्चना की गई और प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर सभा के पदाधिकारी शशी चब्बा, लक्ष्मण सैनी, प्रवेश कौशल, सतीश कौशल, पवन कौशल सहित सैकड़ों नगरवासी उपस्थित रहे।
