डेराबस्सी, 15 नवंबर (संजीव सिंह सैनी):- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर डेराबस्सी और आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की गई।

शहर के प्रसिद्ध श्री रामतलाई सरोवर पर मेले जैसा माहौल बन गया, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

सरोवर के किनारे विशेष रूप से सजाए गए पंडाल को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। पूरे इलाके में भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों की गूंज रही। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सूर्यास्त के समय जल और दूध अर्पित कर प्रार्थना की।

शाम के समय घग्गर नदी के घाटों पर भी हजारों श्रद्धालु अपने परिवारों सहित एकत्र हुए। वहां भी डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया और छठी मैया से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर हलका डेराबस्सी से वरिष्ठ भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू अपने साथियों सहित वार्ड नंबर 15 और श्री रामतलाई सरोवर पहुंचे तथा माथा टेका। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र वैष्णव, दिनेश वैष्णव, मंडल अध्यक्ष पवन धीमान, उपेश बंसल, योगेश अत्री और अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे।

बन्नी संधू ने छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा, “छठ पूजा लोक आस्था का प्रतीक है, जो हमें एकता और भाईचारे का संदेश देती है। भाजपा हमेशा हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए काम करती आई है और आगे भी करती रहेगी।”

श्री रामतलाई सरोवर पर पूर्वांचल के परिवारों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों ने भी श्रद्धा के साथ पूजा में हिस्सा लिया, जिससे पूरा इलाका धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।