चंडीगढ़, 15 अक्तूबर:- हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और गांवों में बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है।
इसी कड़ी में करनाल जिले में पिचोलिया हेड से जानी गांव तक पश्चिमी यमुना नहर के बाएं किनारे पर 10 करोड़ 38 लाख 52 हजार रुपये की लागत से नई सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण से आसपास के गांवों की सड़क संपर्क सुविधा बेहतर होगी और ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
श्री गंगवा ने बताया कि प्रस्तावित सड़क की लंबाई 1.20 किलोमीटर और चौड़ाई 5.50 मीटर होगी। इस सड़क के निर्माण से पिचोलिया, जानी और बुधनपुर गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत बनाई जाने वाली इस सड़क के लिए सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्राप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी हुई हैं। सड़कों के विस्तार से गांवों के बीच आवागमन आसान होता है और ग्रामीणों को अपने जरूरी कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलती है। राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
