पटियाला:- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार ने परविंदर सिंह झोटा के परिवार की सभी जायज मांगें पूरी कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी है और अब मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाना पूरी तरह परिवार की इच्छा पर निर्भर करता है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र ने शुरुआत से ही पंजाब के हितों के साथ खिलवाड़ किया है और राज्य को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास करती है, तो कभी भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में पंजाब की प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी कम करने की साजिश रचती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास के लिए मिलने वाले फंड रोककर राज्य की तरक्की में बाधाएं पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि इन तमाम रुकावटों के बावजूद आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को फिर से रंगला, आर्थिक रूप से मजबूत और खुशहाल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब को दीं 100 मिनी बसों की सौगात, पीआरटीसी के नौ डिपो से शुरू होंगी सेवाएं
पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए भगवंत मान ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के आपसी संबंधों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा हाल ही में नशों के खिलाफ यात्रा निकालकर लौटी है। ऐसे में यदि उसके नेता अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ मंच साझा करेंगे, तो जनता को इससे क्या संदेश मिलेगा? मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ नशों पर रोक लगाने के दावे करना और दूसरी तरफ अकाली दल के साथ राजनीतिक गठबंधन की ओर बढ़ना अपने आप में विरोधाभासी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन राजनीतिक दलों के कथित दोहरे रवैये को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
