ऊना, 15 अक्तूबर:- उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गोंदपुर पार्क की सुंदरता को और निखारते हुए इसे युवाओं और क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए पार्क में विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पार्क में युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही, एचआरटीसी की गौरवशाली सेवाओं और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाने के उद्देश्य से पार्क में एचआरटीसी की बस को मॉडल के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत के दूसरे तालाब को भी क्षेत्र के अन्य तालाबों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने आज कुठार बीत पहुंचकर तालाब की साइट का जायजा लिया और इसके विकास से जुड़ी संभावनाओं का निरीक्षण किया।
