हांसी (दिनकर गावड़ी):- भारत विकास परिषद की हांसी शाखा द्वारा कल बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल, हांसी में ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता और गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी मनोज गर्ग थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में गांव ढाणी कुम्हारन के सरपंच अनूप वर्मा और बाबा बंदा बहादुर शिक्षा समिति, हांसी के अध्यक्ष राम प्रकाश परुथी शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय सेवा सचिव तथा कार्यक्रम पर्यवेक्षक डॉ. वीरेंद्र यादव वीर, शाखा हिसार, ने की।
मुख्य अतिथि मनोज गर्ग ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सामान्य ज्ञान बढ़ाने का अवसर भी मिलता है, जो आज के समय में बहुत जरूरी है। विशिष्ट अतिथि अनूप वर्मा और राम प्रकाश परुथी ने संयुक्त रूप से कहा कि हांसी शाखा द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अतुलनीय है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया गया और शाखा अध्यक्ष दयानंद मेहता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर यह प्रतियोगिता डॉ. वीरेंद्र सिंह यादव की टीम द्वारा आयोजित करवाई गई।
कार्यक्रम संयोजक जगदीश धमीजा ने बताया कि प्रतियोगिता में 28 स्कूलों की 54 टीमों ने भाग लिया। वरिष्ठ वर्ग में गायत्री विद्या मंदिर, हांसी ने प्रथम स्थान, शहीद भगत सिंह हाई स्कूल, हांसी ने द्वितीय स्थान और श्री काली देवी विद्या मंदिर, हांसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में भी गायत्री विद्या मंदिर, हांसी प्रथम रहा, काली देवी विद्या मंदिर ने द्वितीय और सी.डी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, मुंढाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रत्येक स्कूल से एक श्रेष्ठ अध्यापक और एक श्रेष्ठ विद्यार्थी को भी सम्मानित किया गया। शाखा सचिव श्रीचंद आहूजा ने सभी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर प्राइवेट स्कूलों के प्रधान रविंद्र अत्री, मनोज आहूजा, दिलबाग वर्मा, नरेंद्र वर्मा, भरत सिंह, प्रमोद धमीजा, प्रमोद ठकराल, राम अवतार सिंह, निशा आहूजा, राज सैनी, सुभाष गर्ग, विजेंद्र वर्मा, सतवीर कौशिक, प्रवीण गर्ग, दीपक मित्तल, रणधीर जांगड़ा, राहुल खुराना, राज सैनी, चंद्र अरोड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
