पटियाला, 14 नवंबर (परमजीत सिंह परवाना):- सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर एसोसिएशन, पटियाला में डॉ. परमजीत चड्ढा, लाइफ डिजाइनर कोच द्वारा निःशुल्क मेडिटेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप के माध्यम से मन की शांति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया। यह कैंप एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.पी. कौल, उपाध्यक्ष जे.एस. मदान और सचिव मनजीत कौर की देखरेख में लगाया गया, जिसमें लगभग 250 वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्र के दौरान डॉ. परमजीत चड्ढा ने मेडिटेशन, मन की शांति, सकारात्मक सोच और आंतरिक ऊर्जा के महत्व के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मेडिटेशन एक ऐसा साधन है, जिससे मन को शांत रखने, तनाव कम करने और जीवन में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर डॉ. परमजीत चड्ढा, लाइफ डिजाइनर कोच ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य लोगों के जीवन में सकारात्मकता, मानसिक शांति और खुशहाली लाना है। उन्होंने कहा कि जो भी संस्थाएं, एसोसिएशन या समूह अपने सदस्यों और समाज के लोगों के लिए ऐसे कैंप आयोजित करना चाहते हैं, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
